जमुई जिले के गिद्धौर के पास शुक्रवार की देर शाम करीब 8:00 बजे अज्ञात वाहन के द्वारा चकमा देने पर तेज रफ्तार बाइक असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों में से एक युवक बुरी तरह घायल हो गया। उसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से परिजन द्वारा घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिद्धौऱ में भर्ती कराया गया ,जहां युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने देर रात करीब 10:00 बजे युवक को सदर अस्पताल जमुई रेफर कर दिया।
घायल युवक की पहचान गिद्धौर थाना क्षेत्र के सरसा गांव निवासी रोहित यादव के पुत्र सिंटू कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सिंटू कुमार के बहन की शादी होने वाली है। जिसको लेकर वह कुछ सामान खरीदने के लिए अपने साथी के साथ बाइक पर सवार होकर गिद्धौऱ जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन के द्वारा चकमा दिया गया। जिससे बाइक असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई और सिंटू घायल हो गया। फिलहाल सदर अस्पताल में सिंटू कुमार का इलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
