जमुई : शुक्रवार की सुबह तेज रफ्तार मैजिक वाहन और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक और मैजिक वाहन पर सवार सात लोग यानि कुल 8 लोग बुरी तरह घायल हो गए। जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बल्थर पुल के पास हुई। स्थानीय लोगों की मदद से परिजन द्वारा सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बाइक सवार युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने प्रारंभिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया।
रेफर हुए बाइक सवार युवक की पहचान सोनो थाना क्षेत्र के केवाली गांव निवासी सरोज सिंह के पुत्र सत्यम कुमार के रूप में हुई है। जबकि सदर अस्पताल में इलाजरत मैजिक पर सवार घायलों की पहचान ख़ैरा थाना क्षेत्र के माँगोबन्दर गांव निवासी रविन्द्र सिंह की पत्नी बृज बाला देवी, संत सिंह की पत्नी मीरा देवी, अजीत सिंह की पत्नी अंजू देवी, पिंकी देवी, लव सिंह के पुत्र सोहन कुमार, मंजू देवी और लवली कुमारी के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि लव कुमार के पुत्र श्रेयांस कुमार का मुंडन संस्कार कराने सभी लोग मैजिक वाहन पर सवार होकर माँगोबन्दर से झुमराज स्थान जा रहे थे। जैसे ही मैजिक वाहन बल्थर पुल के पास पहुंची इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
जिससे बाइक और मैजिक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार सहित कुल आठ लोग घायल हो गए।।वहीं सूचना के बाद घटना स्थल पर पहुंची पुलिस द्वारा घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।
