नमाज अदा करते लोग
बच्चे गले मिलकर एक दूसरे को दी बधाई
Bihar Jamui News: शहर के ईदगाह और जामा मस्जिद सहित विभिन्न मस्जिदों में शनिवार की सुबह से अकीदत के साथ ईद उल अजहा यानि बकरीद की नमाज अदा की गई। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर ईद-उल-अजहा यानी बकरीद की बधाई दी। हालांकि लगातार बढ़ रहे तपिस भरी गर्मी के बाबजूद भी लोगों में काफी उत्साह देखा गया और सभी लोग अपने तय समय के अनुसार ईदगाह और मस्जिद में नमाज़ के पहुँच कर बकरीद का नमाज़ अता किया। इस दौरान ईदगाह और मस्जिद के इमाम द्वारा देश की अमन और शांति के लिए दुआएं मांगी गईं। आपसी भाईचारा के साथ- साथ देश की हिफाबत के लिए भी अल्लाह से दुआएं की गईं।
तपिस भरी गर्मी के बाबजूद लोगों ने ईदगाहों में अदा किया बकरीद का नमाज़
शहर के बोधवन तालाब स्थित ईदगाह के मैदान सहित आदर्श थाना के समीप जामा मस्जिद, मिर्चा मस्जिद, भछियार पठान टोली के नूर मस्जिद, छोटी मस्जिद, नीमारंग मस्जिद, हांसडीह, विठलपुर, सतगामा मस्जिद के अलावा पूरे जिले के मस्जिदों में लोगों ने बकरीद का नमाज अदा की। ईदगाह के इमाम और भछियार पठान टोली के इमाम हाफिज मो शमीम साहेब ने बताया कि देश के नियम और कानून को सभी लोगों को मानना चाहिए। जिस कार्य में देश के साथ-साथ लोगों की भलाई हो वह कार्य लोगों को करना चाहिए।
नमाज के बाद दी गई कुर्बानी :
ईद- उल- अजहा यानि बकरीद की नमाज अदा करने के बाद लोगों ने घरों में सेवइयां और मिठाई खाकर पर्व मनाया, साथ ही अल्लाह के हुक्म को मानते हुए अल्लाह की रजा के लिए कुर्बानी दी। हैसियतमंद लोगों द्वारा अपने-अपने घरों में बकरे की कुर्बानी दी गई। और बकरे की मीट को गरीबो व जरूरतमंद पड़ोसियों, रिश्तेदारों के बीच वितरण किया गया। साथियों व रिश्तेदारों से मिलकर बकरीद पर्व की बधाइयां दी। छोटे-छोटे बच्चे नए-नए कपड़े पहन कर ईद पर्व की खुशियां मनाते दिखे।
सुरक्षा को ले चौक- चौराहों पर तैनात रही पुलिस :
बकरीद पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रही। चौक- चौराहों के साथ-साथ चिन्हित जगहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। वहीं एसडीओ सौरभ कुमार, एसडीपीओ सतीश सुमन, बीडीओ, सीओ के अलावा नगर थानाध्यक्ष घूम- घूम कर हालात का जायजा ले रहे थे। पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के संयुक्त निर्देश पर पुलिस द्वारा नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न मुहल्लों एवं गांव में गश्ती की जा रही थी। साथ ही पदाधिकारियों द्वारा मुहल्ले के गणमान्य लोगों से भी हालात की जानकारी ली जा रहा थी। हालात का जायजा ले रहे पदाधिकारियों ने बताया कि बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। थोड़ी भी चूक होने की गुंजाइश नहीं है। उन्होंने बताया कि पुलिस जवानों द्वारा असामाजिक तत्वों एवं मनचले युवकों पर कड़ी निगाह रखी जा रही है।
