Jamui crime news: खैरा के गंगटी बिशनपुर गांव में एक युवक ने पारिवारिक तनाव मे आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान रंजीत साह के 23 वर्षीय पुत्र अमन कुमार साह के रूप में हुई। अमन की शादी 6 महीने पूर्व अर्चना से हुई। अमन का ससुराल दादपुर बताया जाता है। जानकारी के अनुसार, अमन की पत्नी अपनी मां के निधन के बाद बिना सूचना दिए अपने जीजा के साथ मायके चली गई।
इस बात से आहत होकर अमन ने आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने खैरा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के पड़ोसी मिथुन रजक ने बताया कि शनिवार रात अमन उनके घर पर करीब 10 बजे तक बैठा था। इसके बाद वह घर चला गया। रात करीब 11:30 बजे यह सूचना मिली कि अमन ने घर की छत पर कड़ी से लटककर आत्महत्या कर लिया।
मिथुन ने बताया कि अमन और उसकी पत्नी के बीच कुछ दिनों से विवाद चल रहा था, लेकिन इसका कारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खैरा थाना अध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। युवक ने पारिवारिक विवाद में फांसी लगाकर आत्महत्या की है। घटना के छानबीन की जा रही है।
