जमुई- मलयपुर मुख्य मार्ग पर सतगामा के पास शनिवार की दोपहर बाद 2:30 बजे तेज रफ्तार इनोवा वाहन अनियंत्रित होकर ई- रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे ई-रिक्शा पलटकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में ई-रिक्शा पर सवार चालक सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को 102 एंबुलेंस द्वारा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर की निगरानी में सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है।
घायल ई रिक्शा चालक की पहचान टाउन थाना क्षेत्र के संगथू गांव निवासी कुंदन साव और ई-रिक्शा पर सवार घायलों की पहचान बरुअट्टा गांव निवासी गिरजा देवी, नेहा ठाकुर, कमला देवी, मौसम कुमारी और देवांशी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सभी घायल एक ही परिवार के हैं। शादी के लिए लड़का देखने के सिलसिले में सभी लोग पतनेश्वर मंदिर गए थे, जहां से वापस ई रिक्शा पर सवार होकर लौट रहे थे।
जैसे ही ई रिक्शा सतगामा के पास पहुंची, इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार इनोवा वाहन जोरदार टक्कर मार दी। जिससे ई रिक्शा पलट कर दुर्घटनाग्रस्त हो गई और चालक सहित 6 लोग घायल हो गए। फिलहाल सदर अस्पताल में इलाज के दौरान सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
