Jamui: सिकंदरा थाना क्षेत्र के ईंटासागर व धमना मुसहरी के बीच शुक्रवार को दिनदहाड़े बेखौफ अपराधियों ने बंधन बैंक कर्मी से 43 हजार रुपये लूट लिया। जानकारी के मुताबिक बंधन बैंक माइक्रो फाइनांस का कलेक्सन एजेंट वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के दोसुत गांव निवासी कुमार गौरव जमुई थाना क्षेत्र के पद्मावत एवं सिकंदरा थाना क्षेत्र के ईंटासागर गांव से ग्रुप लोन का कलेक्सन कर धमना मुसहरी जा रहा था।
इसी दौरान ईंटासागर व धमना मुसहरी के बीच एक टर्निंग के समीप कुल्हाड़ी लिए खड़े दो अपराधियों ने कुल्हाड़ी से बाइक से जा रहे कलेक्सन एजेंट कुमार गौरव पर वार कर दिया। कुल्हाड़ी का वार बाइक पर लगने के बाद संतुलन बिगड़ने से बाइक समेत कुमार गौरव जमीन पर गिर पड़ा। जिसके बाद दोनों अपराधी कलेक्सन एजेंट कुमार गौरव का बैग लेकर पैदल ही जंगल की ओर भाग निकला। कुमार गौरव ने बताया कि बैग में पैसा के अलावा एक टैब व मोरफो कंपनी का बायोमैट्रिक डिवाइस भी था।
घटना की बाद कुमार गौरव के द्वारा घटना की सूचना बैंक के अन्य कर्मियों समेत सिकंदरा पुलिस को दी गयी। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ सतीश सुमन व अपर थानाध्यक्ष क्षैबर राम ने घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन की। इस संबंध में कुमार गौरव के द्वारा अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लूट की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।
