गरही थाना क्षेत्र स्थित गिद्धेश्वर रेंज स्थित चतरो पहाड़ से शनिवार को सशस्त्र सीमा बल 16वीं वाहिनी ‘ए’ समवाय परासी को सूचना मिली कि अज्ञात अपराधकर्मियों या संदिग्ध नक्सलियों द्वारा इलाके में अवैध पाइप बॉम्ब छुपा कर रखा गया है। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर निरीक्षक (सामान्य) रमेश कुमार गुर्जर के नेतृत्व में 24 सशस्त्र सीमा बल के जवानों की एक विशेष सर्च टीम का गठन किया गया।
इस टीम में गरही पुलिस के उप निरीक्षक हरी हर राय तथा जमुई पुलिस का बम खोज एवं निरोधक दस्ता भी शामिल थे।
करीब 10:35 बजे संयुक्त टीम चतरो पहाड़ के जंगलों में पहुंची और व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया। सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान पहाड़ी क्षेत्र से कुल 24 संदिग्ध पाइप बॉम्ब बरामद किए गए जिनका वजन प्रति बॉम्ब 4 से 5 किलोग्राम के बीच था। टीम ने सुरक्षात्मक उपायों के साथ सभी बॉम्ब को सुरक्षित स्थान पर लाया और जांच के उपरांत पाया कि इनमें बारूद नहीं था।
सुरक्षा बलों की इस सफल कार्रवाई से एक संभावित बड़ी घटना को रोका गया। बरामद सभी पाइप बॉम्ब को गरही थाना में जमा कर दिया गया है। यह माना जा रहा है कि नक्सली तत्व इन विस्फोटकों का प्रयोग सुरक्षा बलों और सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से कर सकते थे। फिलहाल मामले की जांच जारी है और क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
