जमुई जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कनार गांव में शुक्रवार की देर रात करीब 11:00 बजे भूमि विवाद के रंजिश में गाली- गलौज करने से मना करने पर पड़ोसियों ने एक ही परिवार के पांच लोगों को मार कर बुरी तरह घायल कर दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। उसके बाद सभी घायलों को शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि 12:30 बजे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायलों में सुनील मुर्मू, सरिता देवी , मुंशी हेंब्रम, बाबूराम हेंब्रम और झुमरी कुमारी शामिल हैं। घायल मुंशी हेंब्रम ने बताया कि जमीन को लेकर काफी दिनों से पड़ोसी रामजी मुर्मू से विवाद चल रहा है। इसी विवाद के रंजिश में रामजी मुर्मू के तीन पुत्रों के अलावा अजय मुर्मू , अजय हेंब्रम, मुन्नी देवी सहित अन्य लोगों के द्वारा गाली- गलौज किया जाने लगा। जब उन लोगों को गाली- गलौज करने से मना किया गया तो अचानक लाठी- डंडा लेकर सभी लोग हमला कर दिए।
जिससे एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। फिलहाल सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में ही चल रहा है। इलाज के बाद शनिवार की दोपहर तक थाना में लिखित आवेदन देकर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
