जमुई / बरहट। थाना क्षेत्र के गुगुलडीह गांव में अज्ञात चोरों के द्वारा मंगलवार रात दो घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया। दोनों घरों की दूरी महज 300 मीटर है। सुबह घटना की जानकारी होने पर डायल 112 नंबर पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दीं।
पीड़ित प्रह्लाद राम ने बताया कि रात में चोरी हुई है। उन्होंने बताया कि कमरे की खिड़की मिट्टी और ईट से जोड़ा हुआ था,खिड़की के दीवार को काट दिया गया और घर में घुसकर अंदर प्रवेश किया। वहीं कुछ चोरों के द्वारा आगे के तरफ के तीन दरवाजे के कुंडी को बाहर से लगा दिया। ताकि सोए हुए लोग बाहर न निकल पाए।
अंदर सारा परिवार सोए हुए थे। उन्होंने बताया कि एक लाख के करीब का गहना सहित 14 हजार नगद और जमीन के कागजात ले गए। उन्होंने बताया कि बेटी की शादी की प्लानिंग थी जिसके लिए गहने बना कर रखे थे।वही पीड़ित मदन पाण्डेय ने बताया कि सभी रात में सोए हुए थे, तभी चोर छत के सहारे घर में घुसकर बॉक्स तोड़कर गहना और नगदी ले गया। एक साथ दो घरों में हुई चोरी से इलाके में सनसनी फैल गई।
इस मामले में बरहट थाना अध्यक्ष कुमार संजीव ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी मिली है। मौके पर पुलिस पहुंचकर छानबीन कर रही है। पीड़ित परिवार के द्वारा अभी आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलते ही पुलिस आगे की कार्रवाई में जुड़ जाएगी।
