जमुई- मलयपुर मुख्य मार्ग पर अंजन नदी पुल के पास सोमवार की रात करीब 9:00 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक बुरी तरह घायल हो गया। घायल युवक को मलयपुर थाना की पुलिस द्वारा फौरन इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने प्रारंभिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देर रात पटना रेफर कर दिया।
घायल युवक की पहचान यूपी के विजय कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि युवक सतगामा स्थित किराए के मकान में अपने साथियों के साथ रहकर काम करता है। वह मलयपुर स्टेशन की ओर से बाइक पर सवार होकर सतगामा आ रहा था। इसी दौरान आंजन नदी पुल के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन टक्कर मारते हुए फरार हो गई। जिससे विजय कुमार घायल हो गया। फिलहाल विजय कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं पुलिस घटना की जांच पड़ताल करते हुए अज्ञात वाहन की पहचान में जुटी हुई है।
