Jamui : सोनो प्रखंड क्षेत्र के बल्थर पुल के पास शुक्रवार को मैजिक वाहन की टक्कर से घायल हुए बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान दो दिनों के बाद तीसरे दिन रविवार की दोपहर करीब 2:00 बजे जमुई के एक निजी क्लीनिक में मौत हो गई। उसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, फिर युवक के शव को सदर अस्पताल लाया गया, जहां पुलिस के द्वारा पोस्टमार्टम के लिए कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
मृतक युवक की पहचान सोनो थाना क्षेत्र के केवाली गांव निवासी सरोज सिंह के 20 वर्ष से पुत्र सत्यम कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि शुक्रवार को सत्यम कुमार बाइक पर सवार होकर सोनो से अपने घर केवाली गांव आ रहा था। इसी दौरान बल्थर पुल के पास तेज रफ्तार मैजिक वाहन युवक को जोरदार टक्कर मार दी थी। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था।
उसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से परिजन द्वारा सत्यम कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से डॉक्टर ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया था, लेकिन परिजन पटना ले जाने के बजाय उसे जमुई की एक निजी क्लीनिक में इलाज करवाने लगे जहां इलाज के दौरान सत्यम कुमार की रविवार की दोपहर 2:00 बजे मौत हो गई। हालांकि दुर्घटना के बाद मैजिक वाहन को पकड़ लिया गया है।
सत्यम कुमार परिवार का एकलौता पुत्र था। सत्यम कुमार की मौत के बाद पूरे परिवार में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है। सत्यम को देखने के लिए सदर अस्पताल में लोगों की काफी भीड़ भी लगी हुई है।
