प्रगति यात्रा के चौथे चरण में जमुई आये मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को दिन के 11:00 बजे गरही पहुंचे और 11:30 बजे के सोनपे, सिकहरिया पहुंचे, जहां उन्होंने आदर्श महिला थाना परिसर में 890 करोड़ रुपये से अधिक की 74 योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इसमें 58 योजनाओं का उद्घाटन और 16 योजनाओं का शिलान्यास शामिल हैं.
विभिन्न जगहों पर विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। साथ ही लछुआड़ मंदिर का भी हवाई सर्वेक्षण किया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने गरही डैम में जलाश्य मात्सियिकी विकास योजना के अंतर्गत केज-कल्चर के साथ गरही डैम के पास इको पर्यटन स्थल को विकसित करने हेतु प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। और कई अहम दिशा निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने आदर्श महिला थाना परिसर में नवनिर्मित अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं महिला थाना और राजकीय डिग्री महिला कॉलेज का फीता काटकर एवं शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया और नवनिर्मित थाना भवन के विभिन्न भागों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही 554.54 लाख रुपए की लागत से राजकीय महिला डिग्री कॉलेज का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने सिकहरिया गांव के मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के उद्घाटन का निरीक्षण किया एवं बच्चों से मिलकर उनका उत्साहवर्द्धन किया। मुख्यमंत्री ने ग्राम सोनपै में 9.90 लाख रुपए लागत से बने खेल मैदान का उदघाट्न किया। साथ ही 35.50 लाख रुपए लागत से जल-जीवन-हरियाली अभियान अंतर्गत निर्मित तालाब का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया और 467.76 लाख रुपए लागत से नवनिर्मित संयुक्त श्रम भवन का फीता काटकर एवं शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया।
उंसके बाद मुख्य मंत्री ने आदर्श महिला थाना परिसर में विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, कृषि विभाग, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, श्रम संसाधन विभाग, समाज कल्याण विभाग, परिवहन विभाग और शिक्षा विभाग के स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, स्टार्टअप योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, जिला गव्य विकास योजना, देशी गौ पालन योजना, मुख्यमंत्री निःशक्त विवाह प्रोत्साहन योजना, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति (अत्याचार) निवारण अधिनियम, आयुष्मान कार्ड और मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल की चाबी भी प्रदान की। उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत लाभार्थियों को 2 करोड़ रुपये तथा बिहार लघु उद्यमी योजना के 164 लाभार्थियों को 1 करोड़ 64 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री प्रखंड परिवहन योजना के तहत अनुदानित ई-रिक्शा के लाभुकों को भी चाबी प्रदान किया।
वहीं मुख्यमंत्री ने 2,314 स्वयं सहायता समूह को 8 करोड़ 85 लाख रुपये, 9,010 स्वयं सहायता समूह को 61 करोड़ 32 लाख रुपये तथा 933 जीविका दीदी लाभार्थियों को 4 करोड़ 27 लाख रुपए का सांकेतिक चेक प्रदान किया। साथ ही जीविका दीदियों के स्टॉल पर लगाए गए विभिन्न उत्पादों को देखा और उनसे बातचीत की।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री सह जमुई जिले के प्रभारी मंत्री रत्नेश सादा, मंत्री सुमित कुमार सिंह, सांसद अरुण कुमार भारती, विधायक श्रेयसी सिंह, दामोदर रावत, अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, अपर पुलिस महानिदेशक, मुख्यालय कुंदन कृष्णन, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार, जमुई की जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा, पुलिस अधीक्षक मदन कुमार आनंद सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
